Thursday, October 15, 2026
Google search engine
 dipr
HomeDehradunराज्य आंदोलनकारियों और शहीद आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा

राज्य आंदोलनकारियों और शहीद आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, साथ ही पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में आंदोलनकारियों और शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारकों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण केवल राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि देवभूमि के लाखों लोगों के बलिदान, संघर्ष और तप का परिणाम है। उन्होंने खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी ऐतिहासिक घटनाओं को याद करते हुए राज्य निर्माण में शहीद हुए सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन और सुविधाएँ सिर्फ सहायता नहीं, बल्कि कृतज्ञता का प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ :

  • शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्र की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण किया जाएगा।
  • जेल गए या घायल राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रतिमाह की जाएगी।
  • अन्य राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
  • विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह की जाएगी तथा उनकी देखभाल हेतु मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।
  • शहीद राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
  • राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण हेतु वर्ष 2021 तक लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण के लिए 6 माह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
  • समस्त शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने अपील की कि राज्य स्थापना दिवस पर हर घर में पाँच दीपक राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में जलाए जाएँ। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य आंदोलन की भावना ही हमारी प्रेरणा है।”

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, उपाध्यक्ष राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद सुभाष बड़थ्वाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 dipr
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
 dipr

 dipr

video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments